मकान से 50 हजार नशीले कफ सिरप बरामद, 7 गिरफ्तार, STF का बड़ा ड्र ग्स ऑपरेशन! | SAGAR TV NEWS |
नशे के कारोबार के खिलाफ एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधीनगर इलाके में भारी मात्रा में नशीले कफ सिरप का जखीरा पकड़ा है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के दोबारा पटेल सिटी इलाके में देर रात चली इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने एक मकान पर छापा मारकर करीब 50 हजार से ज्यादा नशीले कफ सिरप बरामद किए हैं। यह कार्रवाई रात 12 बजे शुरू हुई और सुबह करीब 3 बजे तक लगातार चलती रही।
एसटीएफ के उप महानिरीक्षक राहुल लोढ़ा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने यह ऑपरेशन चलाया। छापेमारी के दौरान मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि नशीले कफ सिरप का इस्तेमाल अवैध नशे के कारोबार में किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप के कार्टून और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क भोपाल तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। उप महानिरीक्षक राहुल लोढ़ा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन और अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजधानी में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं। अब इतनी बड़ी मात्रा में नशीले कफ सिरप की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। फिलहाल एसटीएफ इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।