जीजा-सालों ने कार में पीटा, पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी, गनप्वाइंट पर नाबालिग का अपहरण !
पुरानी रंजिश ने ऐसा खतरनाक रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहां जीजा और सालों ने मिलकर 16 साल के नाबालिग का गनप्वाइंट पर अपहरण कर लिया। बदमाश उसे बाइक से खींचकर जबरन कार में डाल ले गए और रास्तेभर बेरहमी से मारपीट करते रहे। मामला एमपी के ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मोहना निवासी 16 वर्षीय नाबालिग किले स्थित गुरुद्वारे में दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से रायरू की ओर जा रहा था। तभी पुरानी दुश्मनी रखने वाले गुलशन सिंह, जगरूप सिंह और उनका जीजा जसपाल सिंह कार से उसका पीछा करने लगे।
रायरू हाईवे पर आरोपियों ने बाइक रुकवाई और नाबालिग को जबरन पकड़ लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा अड़ाया और उसे कार में डालकर करहिया गांव की ओर ले गए। इस दौरान कार के अंदर युवक के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे उसके चेहरे, पीठ और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया और करहिया थाना पुलिस की मदद से गांव में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई, जब गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने तमंचा खुद नाबालिग के हाथ में थमा दिया, ताकि पुलिस उसे ही आरोपी समझ ले। लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका पूरा प्लान फेल हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। ग्वालियर की इस वारदात ने एक बार फिर दिखा दिया कि पुरानी दुश्मनी किस हद तक खतरनाक हो सकती है। फिलहाल पुलिस हथियार के स्रोत और पूरे विवाद की गहराई से जांच कर रही है।