वेयरहाउस से चुराकर बाजार में बेच दी 65 गेहूं की बोरियां, गैंग के 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
कुछ युवकों ने पहले एक वेयरहाउस की रैकी की इसके बाद मौका मिलते है शटर तोड़कर सेंध लगा दी और दस-बीस नहीं बल्कि 65 कट्टे गेहूं के चोरी कर लिए। लेकिन पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अब पूरी गैंग का भंडाफोड़ कर दिया है साथ ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से माल भी बरामद किया गया है जिसकी कीमत 6 लाख रूपये बताई जा रही है। मामला नर्मदापुरम जिले का है।
जहां कुलामड़ी बायपास स्थित शिवम वेयरहाउस में हुई लाखों रुपये के गेहूं चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया। 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि जबकि गैंग के दो सदस्य अभी फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है की चोरी करने के बाद गेहूं को ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से जुमेराती इलाके एक घर में छिपा दिया था। जिसके बाद बाजार में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक और नगदी भी बरामद की है।
फरियादी मनीष नवलानी ने थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी की उनके वेयरहाउस से 65 कट्टे गेहूं चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान पुलिस को जुमेराती निवासी शुभम मालवीय पर संदेह हुआ। जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी तो उसने अपना जुर्म कबूल किया। जिसके बाद गैंग का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्पित सिंह सोलंकी,अरुण मालवीय,विक्रम बरखने, राहुल कटारिया और सुनील कीर समेत शुभम मालवीय को गिरफ्तार किया।
एसडीओपी जितेंद्र पाठक का कहना है की मुख्य आरोपी अर्पित सोलंकी और अरुण मालवीय ने वारदात से पहले वेयरहाउस की रेकी की थी। घटना वाली रात आरोपियों ने शटर तोड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं भरकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बाद में गेहूं को दूसरी बोरियों में भरकर अलग-अलग व्यापारियों को बेच दिया गया। पुलिस ने आरोपियों से 32 हजार 500 रुपये नकद, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक, 5 मोबाइल जप्त किये हैं। कुल मशरूका 6 लाख रूपये का है।