पत्नी बनाती रही रोटियां, अंदर पड़ी थी लाश, बंद कमरे में ट्रेडर की मौत !
एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बंद कमरे में यूपी के एक स्टॉक मार्केट ट्रेडर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। कमरे में लैपटॉप ऑन था… शेयर बाजार की वेबसाइट खुली थी… और जमीन पर पड़ी थी ट्रेडर की लाश। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि घर में पत्नी रसोई में रोटियां बनाती रही, लेकिन किसी को अंदाजा तक नहीं था कि कमरे के अंदर क्या हो चुका है। मामला एमपी के सागर संभाग के छतरपुर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान राजेश अग्रवाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तरप्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर का रहने वाला था। परिवार लंबे समय से छतरपुर में रह रहा था और करीब एक महीने पहले ही नए मकान में शिफ्ट हुआ था।
पुलिस को सूचना मिली कि राजेश पिछले दो दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकला है। जब पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची। कमरे का दृश्य देखकर हर कोई हैरान रह गया। राजेश अग्रवाल जमीन पर बिछे बिस्तर पर मृत पड़े थे। उनके शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर था। नाक से खून बह रहा था। कमरे में AC चालू था और सामने रखा लैपटॉप ऑन हालत में था, जिसमें MCX और शेयर बाजार से जुड़ी वेबसाइट खुली हुई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी और बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। यही वजह रही कि पत्नी रसोई में खाना बनाती रही और बेटे को भी घर के अंदर हुई इस घटना का अंदाजा नहीं हो पाया। पुलिस ने मौके से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। शुरुआती जांच में मृतक के MCX ट्रेडिंग और सट्टे के कारोबार से जुड़े होने की चर्चा भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मौत कैसे हुई… क्या यह प्राकृतिक मौत है, आत्महत्या या फिर कोई और रहस्य… इसका खुलासा अब पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।