Sagar- ईदगाह में उमड़ा जनसैलाब, सड़क पर पढ़ी गई नमाज, सागर में अमन-चैन और भाईचारे के साथ मनी बकरीद
सागर में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार पूरे उत्साह, भाईचारे और अमन-चैन के माहौल में मनाया गया… सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी… आलम यह रहा कि ईदगाह मैदान छोटा पड़ गया और लोगों को सड़क पर बैठकर नमाज अदा करनी पड़ी… नमाज के बाद लोगों ने देश की खुशहाली, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी… गुरुवार सुबह मोतीनगर चौराहे के पास लेहदरा नाका स्थित ईदगाह मैदान में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे… जैसे-जैसे वक्त बढ़ता गया, नमाजियों की भीड़ बढ़ती चली गई… ईदगाह के भीतर जगह कम पड़ने लगी तो भोपाल रोड तक लोग कतारों में बैठ गए और सड़क पर ही विशेष नमाज अदा की गई…
कटरा जामा मस्जिद समेत शहर की विभिन्न मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज पढ़ी… नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी… बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला… ईद-उल-अजहा के मौके पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों को कुर्बानी के असली मायने समझाए… उन्होंने कहा कि यह त्योहार त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देता है… साथ ही देश में अमन-चैन और आपसी भाईचारे की दुआ भी की गई…
वहीं त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई… ईदगाह, मस्जिदों और प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया… राहतगढ़ में ईद से एक दिन पहले पुलिस कप्तान अनुराग सुजानिया ने संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया था… जबकि एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा के नेतृत्व में फ्लैग मार्च भी निकाला गया… कुल मिलाकर सागर में बकरीद का पर्व सौहार्द, भाईचारे और शांति के संदेश के साथ मनाया गया… जहां हर तरफ सिर्फ दुआएं, मोहब्बत और इंसानियत की तस्वीर नजर आई…