यूट्यूबर मनीष पटेल गिरफ्तार! हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, ब्राह्मण समाज पर अ भद्र टिप्पणी करने जा मामला
एमपी के रीवा में सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले यूट्यूबर मनीष पटेल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से विवादों में चल रहे इस मामले में कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक, वेलेंटाइन वीक के दौरान आरोपी मनीष पटेल ने यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो के साथ लिखे गए कैप्शन में ब्राह्मण समाज की युवतियों के लिए बेहद अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया और ब्राह्मण समाज समेत कई सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी फैल गई।
लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन और विरोध शुरू कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने जबलपुर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और अग्रिम जमानत याचिका दायर की। लेकिन हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी को राहत देने से साफ इनकार कर दिया।
जबलपुर हाईकोर्ट के जस्टिस रामकुमार चौबे की एकल पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य और नफरत फैलाने का काम करती हैं। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में अग्रिम जमानत देने का कोई आधार नहीं बनता और याचिका खारिज कर दी गई। हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद रीवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और सोशल मीडिया पर भड़काऊ व आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।