Sagar-जरूवाखेड़ा में बेकाबू ट्रक का कहर, घर-दुकान तोड़ी… तेंदूपत्ता तोड़ने जा रहा युवक घायल
सागर जिले के जरूवाखेड़ा में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे बनी दुकानों और कच्चे मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल जा रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि ट्रक घरों के अंदर नहीं घुसा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना नरयावली थाना क्षेत्र की जरूवाखेड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत मुहाल झंडापुरा की है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे एक ट्रक सागर से खुरई की ओर जा रहा था। तभी अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क से उतरकर किनारे बनी दुकानों और कच्चे घरों से जा टकराया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की चेसिस बीच से टूट गई। टक्कर के बाद ट्रक कुछ दूर जाकर रुक गया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
इस हादसे में जरूवाखेड़ा निवासी अशोक अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वह सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल जा रहा था, तभी ट्रक की चपेट में आ गया। घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही जरूवाखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर हादसे के समय ट्रक सीधे घरों में घुस जाता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी, क्योंकि उस वक्त अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।