Sagar- गुलमोहर की लालिमा के बीच बाइक पर निकले गोपाल भार्गव, गढ़ाकोटा की खूबसूरती ने खींचा सबका ध्यान
प्रकृति जब अपने रंग बिखेरती है, तो हर कोई उसकी खूबसूरती में खो जाता है… और कुछ ऐसा ही नज़ारा इन दिनों सागर जिले के गढ़ाकोटा में देखने को मिल रहा है। सुनार नदी किनारे खिले गुलमोहर के लाल फूलों ने पूरे शहर को रंगीन बना दिया है। इसी मनमोहक माहौल के बीच मध्यप्रदेश के सबसे ज़्यादा बार विधायक चुने गए वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव भी बेहद खास अंदाज़ में बाइक पर घूमते नजर आए।
गढ़ाकोटा के पटेरिया, पितृ वाटिका और सुनार नदी पुल के आसपास करीब 14 साल पहले लगाए गए गुलमोहर के वृक्ष आज अपनी लालिमामयी छटा से लोगों का मन मोह रहे हैं। सड़क किनारे खिले लाल फूलों और ठंडी हवाओं के बीच जब गोपाल भार्गव बाइक से गुजरते दिखाई दिए, तो लोगों की नजरें उन पर टिक गईं।
डूबते सूरज की सुनहरी किरणें जब गुलमोहर के फूलों पर पड़ रही थीं, तब पूरा दृश्य किसी फिल्मी सीन जैसा नजर आ रहा था। इस खूबसूरत माहौल में गोपाल भार्गव का सादगी भरा अंदाज़ भी लोगों को खूब पसंद आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गढ़ाकोटा की यह हरियाली और गुलमोहर की खूबसूरती वर्षों की मेहनत और प्रकृति प्रेम का परिणाम है। इन पेड़ों ने न सिर्फ नगर की सुंदरता बढ़ाई है, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया है।
हल्की हवाओं के साथ झूमते गुलमोहर के फूल और सुनार नदी का शांत किनारा हर राहगीर को कुछ पल ठहरने पर मजबूर कर रहा है। कई लोग इस खूबसूरत नज़ारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
गढ़ाकोटा की यह हरित सुंदरता अब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। प्रकृति और सादगी का यह अनोखा संगम लोगों के दिलों को छू रहा है।