जंगल में मिला महिला का कंकाल! 15 दिन से लापता गुड़िया बैगा की हत्या की आशंका
एमपी के सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घने जंगल की गुफा से एक महिला का कंकाल मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में कंकाल की पहचान 15 दिनों से लापता गुड़िया बैगा के रूप में हुई है। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, जबकि महिला के पति पर भी संदेह गहराता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना कुसमी थाना क्षेत्र के कुन्दौर गांव की है। गांव के पास माटी डोंगर पहाड़ की एक दुर्गम गुफा में ग्रामीणों ने कंबल में लिपटा शव देखा। शव की हालत इतनी खराब थी कि वह पूरी तरह सड़-गलकर कंकाल में बदल चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पोड़ी चौकी और कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने कंबल हटाया तो अंदर महिला का कंकाल मिला। बाद में पहचान गुड़िया बैगा के रूप में हुई, जो करीब 15 दिन पहले अचानक लापता हो गई थी। घटनास्थल बेहद दुर्गम इलाके में होने के कारण पुलिसकर्मियों को शव को कंधे पर उठाकर जंगल से बाहर लाना पड़ा। मौके पर थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी और चौकी प्रभारी डीके रावत सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
ग्रामीणों के अनुसार, महिला के लापता होने के बाद उसके पति बुद्धसेन बैगा ने न तो उसकी तलाश की और न ही किसी को इसकी जानकारी दी। इतना ही नहीं, वह खुद भी पिछले दो दिनों से गांव से गायब बताया जा रहा है। यही वजह है कि अब संदेह की सुई पति की तरफ घूमने लगी है। थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि शव को कंबल में लपेटकर गुफा में छिपाया गया था, जिससे हत्या और साक्ष्य छिपाने की आशंका मजबूत हो रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके।