Sagar - डिग्री कॉलेज की कथित छात्रा ने की शिक्षक की शिकायत, सांठगांठ-कमीशन के गंभीर आरोप
सागर के गर्ल्स डिग्री कॉलेज के एक अतिथि शिक्षक पर कमीशन और सांठगांठ जैसे कई गंभीर आरोप लगे हैं। कॉलेज की ही कथित छात्रा द्वारा क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक के नाम एक शिकायती आवेदन सौंपा गया है। जिसमें अतिथि शिक्षक रोहित सैनी की शिकायत की गयी है साथ ही कई तरह के आरोप भी पत्र में लगाए गए हैं। जिस पर कमेटी गठित कर अब जांच भी शुरू कर दी गयी है। लेकिन शिक्षक रोहित सैनी का कहना है की छात्रा के नाम की आड़ में ये काम किसी और के द्वारा अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने सारे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा की ये जो लोग उनकी छवि को धूमिल करना चाहते हैं ये उनका काम है।
बता दें की बस स्टैंड के पास स्थित गर्ल्स डिग्री कॉलेज में पदस्थ बीबीए विषय के अतिथि शिक्षक रोहित सैनी के खिलाफ एक कथित छात्रा ने क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक से शिकायत कर गंभीर आरोप लगाए। छात्रा का आरोप है कि रोहित सैनी पिछले कई सालों से प्रवेश प्रक्रिया का काम संभाल रहे हैं। कॉलेज के सामने स्थित एक एमपी ऑनलाइन सेंटर से सांठगांठ कर छात्रों को वहां भेजते हैं साथ ही कमीशन लेते हैं। कंप्यूटर विषय में प्रवेश लेने आने वाली छात्राओं को जानबूझकर हतोत्साहित किया जाता है।
छात्राओं से कहा जाता है कि इस विषय की फीस ज्यादा है भविष्य की संभावनाएं कम हैं। साथ ही आरोप लगाया गया है कि अतिथि शिक्षक नियमित कक्षाएं नहीं लेते, न ही दैनिक डायरी और उपस्थिति रजिस्टर का संधारण करते हैं। शिकायत में छात्रा ने कॉलेज प्रशासन पर भी विशेष संरक्षण देने का आरोप लगाया। शिक्षक को परीक्षा ड्यूटी तक नहीं दी जाती। कॉलेज के कई प्रशासनिक निर्णयों में भी उनकी भूमिका रहती है।
हालांकि मामले में शिक्षक का कहना है की उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। द्वेषपूर्ण भावना को लेकर झूठी शिकायत करना बताया।
वहीं प्राचार्य ने जांच समिति गठित कर जांच शुरू करने की बात कही है।------