रेत माफिया पर कार्रवाई करने पहुंचे पुलिसकर्मी पर च ढ़ा या ट्रैक्टर
एमपी के बालाघाट जिले में रेत माफिया के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका खौफनाक उदाहरण सामने आया है। यहां अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ही ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया। इस दर्दनाक घटना में एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया रेफर किया गया है।
मामला लालबर्रा थाना क्षेत्र के पलाकामठी गांव का है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को इलाके में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद कांस्टेबल सुनील विश्वकर्मा और हेड कांस्टेबल राजेश्वर राहंगडाले मौके पर पहुंचे और रेत से भरी एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी कार्रवाई के दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे। तभी ट्रैक्टर चालक ने अचानक दुस्साहस दिखाते हुए ट्रैक्टर सीधे पुलिसकर्मियों की तरफ बढ़ा दिया। इससे पहले कि पुलिसकर्मी संभल पाते, ट्रैक्टर हेड कांस्टेबल राजेश्वर राहंगडाले को रौंदते हुए निकल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सर्जिकल स्पेशलिस्ट डॉ. शुभम लिल्हारे ने बताया कि हादसे में उनकी कई पसलियां टूट गई हैं और उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी। हालांकि सीटी स्कैन में इंटरनल ब्लीडिंग नहीं मिली, जिसके बाद प्राथमिक उपचार देकर उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर कर दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर अवैध रेत कारोबार और माफियाओं के बढ़ते आतंक पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पर हमला होने के बाद विभाग भी अलर्ट मोड में आ गया है।
बालाघाट जोन के आईजी ललित शाक्यवार ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध रेत कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।