बेटे ने किया मां का क त्ल...पत्नी से वि वाद के बीच मां को उ तारा मौ त के घाट
एमपी के जबलपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने मामूली घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि आरोपी बेटा वारदात के बाद से फरार है। मामला जबलपुर के सिहोरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 स्थित गढ़िया मोहल्ले का है। बताया जा रहा है कि आरोपी करण कोल सोमवार देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। रात करीब 2 बजे उसने अपनी पत्नी कांति बाई कोल से खाना बनाने को कहा। पत्नी ने देर रात होने की बात कहकर मना किया तो करण आगबबूला हो गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घर में हो रहे हंगामे की आवाज सुनकर पास के कमरे में सो रही 65 वर्षीय मां गिरानी बाई कोल बाहर आईं। मां ने बेटे को समझाने की कोशिश की और शांत रहने को कहा। लेकिन नशे में धुत करण लगातार गाली-गलौज करता रहा। जब मां ने उसे घर से बाहर जाने को कहा तो वह और भड़क गया। आरोप है कि गुस्से में करण ने पास में रखा टेबल फैन उठाकर अपनी मां के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उसने लगातार कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने से गिरानी बाई जमीन पर गिर पड़ीं और खून से लथपथ हो गईं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं कांति कोल ने तुरंत अपने जेठ दशरथ को फोन कर सूचना दी। परिवार के लोग घायल महिला को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर शराब और घरेलू हिंसा के खतरनाक रूप को उजागर कर दिया है।