दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच, युवक के घर रखवाई शराब, CCTV वायरल होते ही मचा हड़कंप,
पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसके घर में खुद अवैध शराब रखवाई और बाद में उसी के खिलाफ केस दर्ज कर दिया। मामला तब गरमा गया जब कथित पूरी घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो के बाद एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के एसपी रजत सकलेचा ने कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला 18 मई का बताया जा रहा है। युवक अरविंद मिश्रा का आरोप है कि शाम करीब 5:53 बजे सिटी कोतवाली की पुलिस टीम उसके किराए के मकान पर पहुंची थी। उस समय घर बंद था।
इसके बाद शाम करीब 6:33 बजे कथित तौर पर दो युवक स्कूटी से शराब की पेटियां लेकर पहुंचे। वायरल CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शराब की पेटियां मकान के अंदर रखवाई जा रही हैं। आरोप है कि प्रधान आरक्षक अरविंद शर्मा के इशारे पर यह पूरी कार्रवाई हुई। युवक का कहना है कि बाद में रात करीब 9 बजे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब जब्त करने की कार्रवाई दिखाई और रात 11:57 बजे उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर दी गई।
अरविंद मिश्रा ने खुद को छात्र और निजी कंपनी में कार्यरत बताया है। उसका कहना है कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और झूठे केस के कारण उसका भविष्य बर्बाद हो सकता है। युवक ने एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसी बीच कथित शराब तस्कर शेरू खान का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें कथित तौर पर कहा जा रहा है कि शराब उसकी थी और एक पेटी को 15 पेटी दिखाकर मामला बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजत सकलेचा ने हेड कॉन्स्टेबल अरविंद शर्मा और आरक्षक उमाशंकर शुक्ला को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं जांच एएसपी आदित्य पटले को सौंपी गई है।