एकतरफा प्यार बना खू नी साजिश! युवक पर जा न लेवा हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार
एमपी के धार जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम-प्रसंग के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का इलाके में जुलूस निकालकर अपराधियों को सख्त संदेश दिया। जानकारी के मुताबिक 20 मई 2026 को फरियादी गायत्री राठौड़ ने नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। गायत्री ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र अभयसिंह कुशवाह के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। तभी कोर्ट रोड घाटी के पास कुछ युवकों ने उनकी स्कूटी को रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने पहले अभयसिंह के साथ गाली-गलौज की और फिर डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में अभयसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले शुभम और अंकित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी मनीष पंवार एकतरफा प्रेम-प्रसंग के चलते अभयसिंह से रंजिश रखता था। इसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरे हमले की साजिश रची थी। पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए संदीप, योगेश और राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का नौगांव क्षेत्र में जुलूस निकाला। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य अपराधियों में डर पैदा करना और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है। हालांकि इस मामले के दो आरोपी मनीष पंवार और गौतम डामोर अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।