शादी के नाम पर दूल्हों से धोखा, 42 दूल्हे इंतजार करते रह गए, नहीं आई एक भी दुल्हन
शराबी फिल्म का एक बड़ा ही मशहूर गाना है इंतहा हो गई इंतज़ार की, आई न कुछ खबर मेरे यार की, इसी तरह एक अजीबोगरीब मामला भी सामने आया है। जहां दूल्हे बारात लेकर पहुँच गए, दुल्हनों का सुबह से लेकर शाम तक इन्तजार किया लेकिन एक भी दुल्हन नहीं पहुंची। शादी के सपने सजाये दूल्हे इन्तजार ही करते रह गए। दूल्हे भी कोई 2-4 नहीं बल्कि 42 थे। हैरान करने वाली ये मामला एमपी के देवास जिले से सामने आया है। जिसके बाद दूल्हे और परिजन बीएनपी थाने पहुंचे और शिकायत की।
दरअसल दर्जनों युवकों को शादी के सपने दिखाए गए, उनसे करीब बीस-बीस हजार रूपये भी लिए गए। कहा गया की अनाथाश्रम की लड़कियों से उनकी शादी कराई जायेगी। बकायदा लड़कियों की फोटो भी दिखाए गए। जो मॉडलों के थे। सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी कराये जाने का झांसा दिया गया। लोगों ने पैसे दे दिए और वह बारात लेकर पहुंचे तो दंग रह गए। क्योंकि दुल्हन कोई थी ही नहीं। न कोई इंतजाम थे। सभी दूल्हे घंटों तक इन्तजार करते रहे। लेकिन मिली तो सिर्फ मायूसी। बताया गया की सभी युवक शाजापुर जिले के अरनियाकलां और शुजालपुर क्षेत्र से देवास के क्लब ग्राउंड/माता मंदिर परिसर पहुंचे थे। अन्य जिले के युवकों को भी इसी तरह झांसा दिए जाने की बात सामने आई है।
देवास जिले में शादी के नाम पर बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया। बताया जा रहा है की विदिशा के एक कथित एजेंट ने मॉडल युवतियों की झूठी तस्वीरें दिखाकर 42 दूल्हों से ठगी की। शादी का झांसा देकर सभी दूल्हों को माता मंदिर बुलाया गया था। लेकिन कोई भी दुल्हन नहीं पहुंची। बताया गया की फोन पर युवकों और उनके परिवार वालों को सुंदर मॉडल्स की तस्वीरें दिखाकर विश्वास दिलाया था। शादी के नाम पर 15 हजार से लेकर 25 हजार तक ठगने के आरोप हैं।