आंसुओं में डू बी ट्विशा की अंतिम विदाई ! मेजर भाई ने दी मुखाग्नि, गम में डूबा भोपाल
मध्यप्रदेश के भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मामले में रविवार का दिन बेहद भावुक और दर्द से भरा रहा। दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्विशा को अंतिम विदाई दी गई। जब परिवार उसकी पार्थिव देह लेकर भदभदा विश्राम घाट पहुंचा, तो वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। पूरा माहौल गमगीन था और हर चेहरा दर्द बयां कर रहा था। सबसे मार्मिक पल उस वक्त आया, जब ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने नम आंखों से अपनी बहन की चिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर घाट पर मौजूद परिजन, रिश्तेदार और शुभचिंतक भावुक हो उठे। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार अपनी बेटी ही नहीं, बल्कि अपने जीवन के सबसे अनमोल हिस्से को हमेशा के लिए विदा कर रहा था।
परिजनों ने बताया कि दोबारा पोस्टमार्टम के बाद उन्हें अब सच सामने आने की उम्मीद जगी है। ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने कहा कि परिवार ने आपसी सहमति से भोपाल में ही अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया, क्योंकि मौत को 10 दिन से ज्यादा हो चुके थे और शव की स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। ट्विशा के वकील अंकुर पांडेय ने बताया कि दूसरे पोस्टमार्टम में शरीर पर चोटों के निशान, मौत का समय और मौत की असली वजह जैसे अहम बिंदुओं की गहराई से जांच की गई है। यह पोस्टमार्टम एमपी हाईकोर्ट के आदेश पर AIIMS दिल्ली की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया।
एम्स भोपाल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दिल्ली AIIMS के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ भोपाल पहुंची थी। पूरे मामले में जांच एजेंसियां अब दोबारा घटनास्थल का निरीक्षण भी कर सकती हैं। परिजनों ने बताया कि ट्विशा की अस्थियां ऋषिकेश में विसर्जित की जाएंगी, क्योंकि उसे उस जगह से खास लगाव था। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर अब इस हाईप्रोफाइल मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।