शादी के एक महीने बाद नवविवाहिता की मौत ! दहेज पर हत्या के आरोप से सनसनी
एमपी के हरदा जिले के टिमरनी नगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज एक महीने बाद 27 वर्षीय दीपिका दामडे अपने कमरे में ऐसे मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। यह मामला टिमरनी की तवा कॉलोनी स्थित सीनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास परिसर का है। जानकारी के मुताबिक दीपिका की शादी 7 अप्रैल 2026 को दुर्गेश दामडे से हुई थी। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे दीपिका अपने कमरे में ऐसे मिली। घटना की खबर लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं घटना के बाद मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका की मां, भाई दीपक और छोटी बहन ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर उससे दूसरा रूप देने की कोशिश की है। परिजनों का कहना है कि दीपिका लगातार परेशान थी और कई बार उसने प्रताड़ना की बात बताई थी।
घटना के बाद छात्रावास परिसर में काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। परिजन न्याय की मांग करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे। माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया। फिलहाल पुलिस ने पति दुर्गेश और ससुर से पूछताछ शुरू कर दी है। SDOP आकांक्षा तलैया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगी।