डंपर से युवक की मौ त के बाद हाईवे पर शव रखकर ग्रामीणों का चक्काजाम! और हंगामा!
एमपी के नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। तूमड़ा तिगड्डा पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर हाईवे पर धरने पर बैठ गए और देर रात तक जमकर हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब युवक बाइक से गुजर रहा था। इसी दौरान रेत कंपनी का तेज रफ्तार डंपर उसे टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में रेत कंपनी के डंपर बेलगाम रफ्तार से दौड़ते हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। इसी लापरवाही का नतीजा है कि एक और युवक की जान चली गई। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। परिजन और ग्रामीण शव को हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा और दोषी डंपर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। यातायात प्रभावित होने पर पुलिस ने वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया। प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने की कोशिश में जुटे रहे। धरना स्थल पर जनप्रतिनिधि सुनीता पटेल भी पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात की। वहीं ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन प्रदर्शन खत्म कराने के प्रयास में लगा है।