सागर- 59 साल का बदमाश पिस्टल लेकर घूमता पकड़ा गया! पुलिस ने पीछा कर दबोचा | SAGAR TV NEWS |
सागर में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी बीच मोतीनगर थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 59 वर्षीय बदमाश को अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहा था। पुलिस के मुताबिक उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू भोपाल बस स्टैंड के पीछे भोपाल रोड स्थित भगतसिंह वार्ड इलाके में एक व्यक्ति हथियार लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तेजी दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहन उर्फ बबलू पिता बृजलाल साहू, उम्र 59 वर्ष, निवासी राजीवनगर वार्ड बताया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो आरोपी की कमर में खोंसी हुई एक देसी मैगजीनयुक्त पिस्टल बरामद हुई। इसके अलावा उसकी पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस ने तुरंत हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने यह अवैध हथियार कहां से खरीदा और वह किस घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा ताकि किसी भी आपराधिक वारदात को समय रहते रोका जा सके।