ट्विशा केस में मीडिया पर भड़के गिरिबाला सिंह के वकील ! कैमरे के सामने खोया आपा, कार के बोनट पर मारा हाथ
एमपी के भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब नया हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। एक तरफ सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है और हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम के आदेश दिए हैं, वहीं दूसरी ओर ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के वकील मीडिया के सवालों पर भड़क उठे। कैमरे के सामने उनका गुस्सा अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शुक्रवार को गिरिबाला सिंह के वकील इनोश जॉर्ज कार्लो मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे ट्विशा शर्मा की मौत और मामले में चल रही जांच को लेकर सवाल पूछना शुरू किया। सवाल सुनते ही वकील अचानक नाराज हो गए और ऊंची आवाज में जवाब देने लगे।
उन्होंने मीडिया से कहा — “क्या कोई ऐसा कानून है कि सब कुछ बताया जाए?” प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान उनका पैर कार से दब गया, जिसके बाद उनका गुस्सा और बढ़ गया। कैमरों के सामने वे कार के बोनट पर हाथ मारते और जोर-जोर से चिल्लाते नजर आए। पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि नाराजगी के बीच भी वकील ने मामले की सीबीआई जांच का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से सच सामने आ जाएगा और जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से अपना काम करेंगी।
इधर ट्विशा शर्मा मौत मामले में गिरिबाला सिंह और उनके परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। मध्य प्रदेश सरकार पहले ही सीबीआई जांच की सिफारिश कर चुकी है। वहीं हाईकोर्ट ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दी है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली AIIMS की विशेषज्ञ टीम भोपाल पहुंचकर पोस्टमार्टम करेगी और रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में कोर्ट को सौंपी जाएगी। उधर गिरिबाला सिंह को मिली जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट ने नोटिस जारी कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी।