तेज रफ्तार कार का कहर ! ऑटो पलटा, भागते समय कई वाहनों को मारी टक्कर | SAGAR TV NEWS |
एमपी के ग्वालियर शहर में देर रात तेज रफ्तार कार का खौफनाक कहर देखने को मिला। इंदरगंज थाना क्षेत्र में एक बेकाबू कार ने पहले ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और फिर मौके से भागते समय ई-रिक्शा समेत कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक घटना 18 मई की रात करीब 2 बजे राम मंदिर के पास हुई। अनिकेत सविता अपने दोस्तों के साथ रेलवे स्टेशन से ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उनके ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें बैठे लोग चीख-पुकार करने लगे।
हादसे में ऑटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि हादसे के बाद कार चालक रुका नहीं, बल्कि तेज रफ्तार में मौके से भागने लगा। भागते समय उसने एक ई-रिक्शा और दूसरे ऑटो को भी टक्कर मार दी। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार चालक बेहद तेज गति से वाहन चला रहा था और हादसे के बाद भी उसने किसी की मदद करने के बजाय भागने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही इंदरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए कार और चालक की तलाश में जुटी हुई है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।