पानी की तलाश में कु एं में गि रा तेंदुआ! तेंदूखेड़ा में मचा हड़कंप, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
एमपी के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ पानी की तलाश में भटकते हुए खेत के कुएं में गिर गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वन विभाग और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। जानकारी के मुताबिक यह घटना सहजपुरा रोड स्थित जामनपानी गांव के पास की है। खेत मालिक सरफराज खान सुबह अपने खेत पर पहुंचे तो उन्हें कुएं के अंदर से किसी जंगली जानवर की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो अंदर एक तेंदुआ फंसा हुआ था।
बताया जा रहा है कि कुएं में पानी कम था, इसलिए तेंदुआ एक सूखे किनारे पर खड़ा था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। वह कुएं में लगे लोहे के पाइपों पर चढ़कर बाहर आने का प्रयास करता दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस का अमला मौके पर पहुंच गया। तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से इलाके की घेराबंदी की गई और लोगों को दूर रखा गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचना दे दी गई है। शुरुआती घंटों में टीम के मौके पर नहीं पहुंच पाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी हुई, लेकिन स्थानीय वन अमला लगातार तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था। अधिकारियों का मानना है कि भीषण गर्मी और जंगल में पानी की कमी के कारण तेंदुआ पानी की तलाश में रिहायशी इलाके तक पहुंच गया और अंधेरे में कुएं में गिर पड़ा। वन विभाग ने बताया कि रेस्क्यू के बाद तेंदुए को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर नौरादेही अभ्यारण्य में छोड़ा जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में तेंदुए को लेकर दहशत और उत्सुकता का माहौल बना हुआ है।