सागर- 6 वर्षीय बच्चा सकुशल परिजनों से मिला, राहतगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता से बची मासूम की जिंदगी !
सागर जिले में राहतगढ़ पुलिस और डायल-112 टीम की संवेदनशीलता और तत्परता का एक सराहनीय मामला सामने आया है। पुलिस की मुस्तैदी के चलते रास्ता भटका 6 वर्षीय मासूम बच्चा सकुशल अपने परिजनों से मिल गया। बच्चे को सुरक्षित पाकर परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। जानकारी के मुताबिक 20 मई 2026 की शाम करीब 7 बजकर 10 मिनट पर डायल-112 को सूचना मिली कि राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरवटू के पास एक छोटा बच्चा अकेला और डरा-सहमा घूम रहा है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने तत्काल राहतगढ़ एफआरवी टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो पाया कि करीब 6 साल का बच्चा काफी घबराया हुआ था। पूछताछ में वह अपना नाम और पता तक ठीक से नहीं बता पा रहा था। बाद में पता चला कि बच्चा अपनी नानी के यहां विदिशा जिले के एक गांव में आया हुआ था और खेलते-खेलते करीब 4 किलोमीटर दूर बरवटू गांव तक पहुंच गया था। रास्ता भटक जाने के कारण वह बेहद डरा हुआ था। डायल-112 टीम ने बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर राहतगढ़ थाना पहुंचाया। थाना प्रभारी मुकेश सिंह और पुलिस स्टाफ ने लगातार बच्चे से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन घबराहट के कारण वह कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चे की फोटो कंट्रोल रूम और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में शेयर करवाई। रात होने के कारण बच्चे को थाने में सुरक्षित रखा गया और उसके भोजन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गईं। अगले दिन जानकारी मिली कि बच्चा जैसीनगर क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना मिलते ही परिजन थाना राहतगढ़ पहुंचे और आवश्यक पुष्टि के बाद बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने राहतगढ़ पुलिस और डायल-112 टीम का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता ने उनके बच्चे को सुरक्षित वापस दिला दिया।