सागर-बंडा में दूषित पानी पीने से CMO ने खुद किया इंकार, कांग्रेस का नगर परिषद में प्रदर्शन
सागर जिले के बंडा नगर में दूषित पानी सप्लाई को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। नगर परिषद पर आरोप है कि शहर में कई दिनों के अंतराल से बदबूदार और पीले रंग का पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता नगर में सप्लाई हो रहे दूषित पानी को बोतल में भरकर साथ लाए और सीधे सीएमओ को पीने के लिए दिया। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नगर परिषद के सीएमओ ने खुद वह पानी पीने से मना कर दिया।
सीएमओ के इस रवैये के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और बढ़ गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जब अधिकारी खुद इस पानी को पीने के लिए तैयार नहीं हैं, तो आम जनता को ऐसा पानी क्यों पिलाया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि भीषण गर्मी के इस दौर में नगरवासियों को नियमित और शुद्ध पेयजल मिलना बेहद जरूरी है। लेकिन नगर परिषद 4 से 7 दिन के अंतराल से पानी सप्लाई कर रही है और जो पानी आ रहा है वह पीले रंग का और बदबूदार है। लोगों का कहना है कि दूषित पानी पीने से छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर जल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस आम जनता के साथ बड़ा आंदोलन करेगी। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने कहा कि नगर परिषद की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नगरवासियों को नियमित और साफ पानी उपलब्ध कराया जाए। फिलहाल बंडा नगर में पानी की समस्या को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।