सागर में लगातार तीसरे दिन पारा 44+ डिग्री प्लस रहा, अगले 4 दिन ऑरेंज अलर्ट जारी | SAGAR TV NEWS |
सागर सहित बुंदेलखंड में इस समय आसमान से आग बरस रही है औरपूरा इलाका किसी भट्टी जैसा तप रहा है। पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को अपना अलर्ट येलो से बढ़ाकर ऑरेंज कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले एक हफ्ते तक लोगो को इस जानलेवा गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बुधवार को लगातार तीसरे दिन तापमान 44 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है, लगातार राजस्थान की तरफ से चल रही सुखी हवाओ के आने से तापमान में उछाल देखा जा रहा है,
सागर सहित बुंदेलखंड में सूरज की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग जब ऑरेंज अलर्ट जारी करता है, तो इसका सीधा मतलब होता है कि लोग आने वाले खराब मौसम के लिए खुद को तैयार रखें। यह अलर्ट बताता है कि स्वास्थ्य से जुड़ी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए हीट स्ट्रोक या बीमार पड़ने का खतरा सबसे ज्यादा होता है।
भीषण लू से खुद को सुरक्षित रखने के लिए मौसम विभाग ने ये उपाय सुझाए हैं, हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से जरूर ढकें। प्यास न लगी हो, तब भी थोड़ी-थोड़ी देर में पर्याप्त मात्रा में पानी या ओआरएस का घोल पीते रहें। अत्यधिक गर्मी के कारण आग लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए घरों और गाड़ियों में अग्निशामक यंत्र जरूर रखें।