सागर में चख सकते हैं जापान के मियाजाकी का स्वाद, कीमत जानकर होश उड़ जायँगे | SAGAR TV NEWS |
आम… यानी फलों का राजा। लेकिन क्या आपने कभी ऐसा आम देखा है, जिसकी कीमत हजारों रुपए किलो हो? बाजार में आम की कई वैरायटी मिलती हैं, लेकिन एक ऐसा आम भी है जो 100 रुपए नहीं बल्कि 10 हजार रुपए किलो तक बिकता है। इस खास आम का नाम है — मियाजाकी मैंगो।
जापान के मियाजाकी शहर के नाम पर मशहूर यह आम दुनिया की सबसे महंगी और दुर्लभ किस्मों में गिना जाता है। खास बात ये है कि अब इसका स्वाद बुंदेलखंड के सागर में भी आसानी से चखा जा सकता है।
सागर के किसान और उद्यमी संजय अग्रवाल ने राजघाट डैम के पास करीब 6 एकड़ बंजर जमीन को मेहनत से हरे-भरे बाग में बदल दिया। यहां उन्होंने लगभग 300 आम के पेड़ लगाए हैं। इनमें 15 से 20 पेड़ खास जापानी वैरायटी मियाजाकी के हैं।
संजय अग्रवाल बताते हैं कि मियाजाकी आम की डिमांड देश ही नहीं विदेशों में भी है। सागर से ये आम मुंबई के जरिए एक्सपोर्ट किए जा रहे हैं, जहां इसकी कीमत 5 हजार से 10 हजार रुपए किलो तक मिल रही है। इतना ही नहीं, जापान में इस आम की नीलामी में एक किलो की कीमत ढाई लाख रुपए तक पहुंच चुकी है।
इस खास बागान में केवल मियाजाकी ही नहीं, बल्कि थाईलैंड की रेड आइवरी, किंग ऑफ चपाता, डॉग मैंगो और अरूणिमा जैसी विदेशी वैरायटी भी मौजूद हैं। ये सभी प्रीमियम क्वालिटी के आम माने जाते हैं और एक्सपोर्ट के लिए तैयार किए जाते हैं।
जो जमीन कभी बंजर मानी जाती थी, आज वही जमीन विदेशी आमों की खुशबू से महक रही है। सागर का यह बाग अब बुंदेलखंड में आधुनिक और हाईटेक खेती की नई पहचान बन चुका है।