सागर-SP बंगले के सामने वाहनों में तोड़फोड़ और चाकू बाजी करने वाले बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस
सागर में एसपी बंगले के सामने देर रात हुई तोड़फोड़ और चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, इलाके में दहशत फैलाने वाले बदमाशों का कैंट पुलिस ने जुलूस भी निकाला, जिससे शहर में साफ संदेश दिया जा सके कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जानकारी के मुताबिक यह पूरा विवाद पीली कोठी वाले बाबा के उर्स मेले के दौरान शुरू हुआ था। फरियादी जीशान खान ने पुलिस को बताया कि 18 मई की रात वह अपने परिवार के साथ उर्स देखकर घर लौटे थे। रात करीब 4 बजकर 55 मिनट पर जब वे घर पहुंचे, तभी इमरान, एहशान खान, नौमान, शाहिल और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट और झूमाझटकी शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कारों को निशाना बनाया और जमकर तोड़फोड़ की। पथराव में चार कारों के शीशे टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सबसे बड़ी बात यह रही कि पूरा घटनाक्रम एसपी बंगले के सामने हुआ, जिससे पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी पूरी करतूत कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कैंट पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान, एहशान, नौमान और शाहिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शहर में उनका जुलूस निकालकर आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिलाने की कोशिश की। कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।