सागर- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का बड़ा अल्टीमेट, किसानों की शिकायत पर अब होगी सख्त कार्रवाई !
सागर में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त चेतावनी देते हुए साफ कहा है कि किसानों की शिकायत मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने दो टूक कहा कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और भुगतान में देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंगलवार को कलेक्टर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने खाद्य विभाग, मंडी बोर्ड, कृषि विभाग और उपार्जन समिति के अधिकारियों के साथ समर्थन मूल्य पर हो रहे उपार्जन कार्यों की समीक्षा की। बैठक में परिवहन, तौल, बारदाना और किसानों के भुगतान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन किसानों के स्लॉट बुक हो चुके हैं और जिनकी तुलाई पूरी हो चुकी है, उनकी समय सीमा बढ़ाई जाए ताकि किसानों को परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में माल जमा होते ही तुरंत स्वीकृति पत्रक जारी किया जाए, जिससे किसानों को जल्द से जल्द भुगतान मिल सके। बैठक में मंत्री ने परिवहन व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देरी करने वाले ट्रांसपोर्टर और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
केसली क्षेत्र के एक साइलो बैग में खराब गेहूं मिलने के मामले में भी मंत्री ने अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बारदाना ठेकेदार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अव्यवस्था फैलाने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि जिले के 173 उपार्जन केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी है। अब तक 45 हजार से ज्यादा किसानों से 3 लाख 14 हजार मीट्रिक टन उपज खरीदी जा चुकी है। वहीं 27 हजार से अधिक किसानों को 395 करोड़ रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि किसानों की सुविधा और समय पर भुगतान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।