भैंस चोरी पर पूछताछ पर सरपंच समेत 4 पर बदमाशों ने किया ह मला, लूटपाट का बड़ा आरोप
एमपी के शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के शक में पूछताछ करना सरपंच और उनके साथियों को भारी पड़ गया। बदमाशों ने न सिर्फ उन पर जानलेवा हमला किया, बल्कि हथियार दिखाकर लूटपाट भी कर डाली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक ग्राम बीलौनी के सरपंच बालकिशन जाटव अपने तीन साथियों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। देर रात जब वे नरवर स्थित गैस गोदाम के पास पहुंचे, तो उन्होंने एक लोडिंग वाहन में कुछ लोगों को भैंसें चढ़ाते हुए देखा। सरपंच और उनके साथियों को शक हुआ कि भैंसें चोरी की हो सकती हैं।
इसी शक के आधार पर उन्होंने वाहन रोककर पूछताछ शुरू की। लेकिन पूछताछ करते ही माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि वहां मौजूद करीब 10 बदमाश गाली-गलौज पर उतर आए और देखते ही देखते हमला कर दिया। हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे, सरिए, लोहे के हथियार और कट्टे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक आरोपी ने कट्टा लहराते हुए बाकी लोगों को हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद सरपंच और उनके साथियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया।
इस हमले में सरपंच बालकिशन जाटव, मुकेश जाटव, राजकुमार जाटव और कार चालक जगभान बघेल घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर मोबाइल फोन, सोने की चेन और अंगूठी भी लूटकर ले गए। घटना के बाद एक और बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि धवा की बावड़ी क्षेत्र से 9 भैंसों की चोरी हुई थी। यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है, जिसमें संदिग्ध वाहन और कुछ लोग नजर आए हैं। फिलहाल नरवर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।