सागर- मंदिर की खुदाई में निकला गड़ा धन! मुडारी गांव में मिले चांदी के प्राचीन सिक्के
सागर जिले के बंडा क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां मंदिर की खुदाई के दौरान जमीन से प्राचीन चांदी के सिक्के मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला शाहगढ़ क्षेत्र के मुडारी गांव का है, जहां ठाकुर बब्बा मंदिर परिसर में चल रही खुदाई अचानक चर्चा का विषय बन गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार को मंदिर परिसर में खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान एक ग्रामीण को जमीन के अंदर से चांदी के कुछ पुराने सिक्के दिखाई दिए। जैसे ही सिक्कों के मिलने की खबर गांव में फैली, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों में इन सिक्कों को लेकर भारी उत्सुकता देखी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इन सिक्कों पर विशेष चिन्ह बने हुए हैं और इन्हें वर्ष 1837 से 1901 के शासनकाल का माना जा रहा है। ऐसे में इन सिक्कों का ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व होने की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। एसडीएम नवीन ठाकुर, बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि, तहसीलदार विजयकांत त्रिपाठी और पुलिस बल की मौजूदगी में सिक्कों को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई ताकि कोई अव्यवस्था न हो।
प्रशासन अब इन सिक्कों की जांच कराने की तैयारी में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञों और एसआई टीम की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि ये सिक्के किस काल के हैं और इनका वास्तविक ऐतिहासिक महत्व क्या है। एसडीएम नवीन ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। यदि सिक्के ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण पाए जाते हैं, तो यह क्षेत्र पुरातात्विक दृष्टि से भी खास बन सकता है। फिलहाल मुडारी गांव में मिले इन चांदी के सिक्कों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इसे किसी पुराने खजाने से जोड़कर भी देख रहे हैं।