सागर- SP बंगले के सामने बदमाशों ने 4 कारों में की तो ड़ फोड़, CCTV में कैद वारदात और फिर !
सागर शहर के कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एसपी बंगले के सामने बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाते हुए चार कारों में तोड़फोड़ कर दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक फरियादी जीशान खान, जो कैंट क्षेत्र में एसपी बंगले के सामने रहते हैं, अपने परिवार के साथ पीलीकोठी वाले बाबा का उर्स देखकर देर रात घर लौटे थे। सुबह करीब 4:55 बजे जब परिवार घर पहुंचा तो बाहर नोमान अपने साथियों मुन्नू उर्फ इमरान, एहशान खान, राहिल और समीर के साथ खड़ा मिला।
आरोप है कि बिना किसी बात के आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और झूमाझटकी होने लगी। इसके बाद बदमाशों ने अचानक घर के बाहर खड़ी कारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने पथराव कर चार कारों के शीशे तोड़ दिए और वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना का पूरा वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। कैंट थाना पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं। मामले में चाकूबाजी की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना एसपी बंगले के सामने हुई, जहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त मानी जाती है। ऐसे में बदमाशों की इस खुलेआम गुंडागर्दी ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।