महिला मौत मामले में सड़क पर शव रख विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, बुलडोजर कार्रवाई की मांग
एमपी के शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र में महिला की मौत के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक और सामाजिक रूप ले लिया है। सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने महिला का शव सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन से इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। दरअसल, 15 मई की रात सारंगपुर-अकोदिया रोड स्थित लसूडिया मेहा जोड़ के पास अनीताबाई मालवीय घायल अवस्था में मिली थीं। गंभीर हालत में पहले उन्हें अकोदिया और शुजालपुर अस्पताल ले जाया गया, बाद में देवास के अमलतास अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के बेटे रोहित मालवीय का आरोप है कि उसकी मां ने होश में आने के बाद बताया था कि आरोपी इब्राहिम खान ने डंडे से हमला कर उन्हें सड़क पर पटक दिया था। मामले में पुलिस ने आरोपी इब्राहिम खान निवासी मुड़लाय को हिरासत में लिया है। महिला की मौत के बाद सोमवार को विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में ट्रैफिक पॉइंट पर पहुंचे और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने रोड डिवाइड कर यातायात रोक दिया, जिससे सारंगपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री राजेश ने आरोप लगाया कि जिले में लगातार लव जिहाद जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, एसडीएम मनीषा वास्कले और कई थाना क्षेत्रों का पुलिस बल हालात संभालने में जुटा रहा।
करीब दो घंटे की समझाइश और प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रशासन ने कहा कि आरोपी के अवैध अतिक्रमण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और महिला की मौत के बाद केस में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।