MP | 15 सेकंड में खत्म हुई जिंदगी! परिवार को ब चाने खुद कंटेनर के नी चे आ गया पिता समान ससुर
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से इंसानियत, साहस और दर्द से भरी एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। यहां एक तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। लेकिन हादसे के आखिरी 15 सेकंड में एक शख्स ने अपनी जान देकर पूरे परिवार को बचा लिया। घटना का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र का है। मृतक हाकिम सिंह चंदौरिया गांव के रहने वाले थे और नेशनल हाईवे-46 स्थित अन्नपूर्णा होटल पर काम करते थे। रविवार देर रात वे अपने दामाद होशियार परिहार, बेटी, बेटे और नातिन को बस में बैठाने सड़क किनारे खड़े थे।
बताया जा रहा है कि दामाद इंदौर लौटने वाला था, इसलिए पूरा परिवार बस का इंतजार कर रहा था। तभी कोलारस की ओर मुड़ रही एक बस ने अचानक ब्रेक लगाए। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा कंटेनर अनियंत्रित हो गया और सीधे परिवार की तरफ बढ़ गया। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही कंटेनर परिवार की ओर बढ़ा, हाकिम सिंह ने बिना अपनी जान की परवाह किए बेटे, बेटी और दामाद को जोर से धक्का दे दिया। परिवार के लोग सड़क किनारे गिरकर बच गए, लेकिन हाकिम सिंह खुद कंटेनर के पहियों के नीचे आ गए। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने लगा। मृतक के दामाद ने हिम्मत दिखाते हुए कंटेनर के पीछे दौड़ लगाई और उस पर लटक गया। चालक ने उसे गिराने के लिए वाहन को इधर-उधर घुमाया, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर कंटेनर पलट गया। इसके बाद चालक और हेल्पर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक ऐसे पिता समान इंसान की कहानी है, जिसने अपने परिवार की सांसें बचाने के लिए अपनी जिंदगी कुर्बान कर दी।