MP | 5 वाहनों आये आमने-सामने और फिर! जबलपुर-मंडला हाईवे पर मौ त बनकर दौ ड़ी र फ्ता र!
मध्यप्रदेश के जबलपुर-मंडला हाईवे पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक के बाद एक पांच वाहन आपस में भिड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चालक अंदर ही फंस गए। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, हादसा बरेला थाना क्षेत्र के जेंट्रीगेट के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक ट्रैक्टर हाईवे से गुजर रहा था और उसके पीछे एक डंपर चल रहा था। इसी दौरान डंपर चालक ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे आ रही जीप भी हादसे की चपेट में आ गई। वहीं अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही बस और अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए। कुछ ही सेकंड में पूरा हाईवे हादसे का मंजर बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कई लोग वाहनों में फंस गए थे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बरेला थाना पुलिस और एम्बुलेंस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर, बस और जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जबलपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। जबलपुर-मंडला हाईवे पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।