सागर- पूजा के दौरान तालाब में गिरी महिला, लोगों की बहादुरी से बची जान और फिर !
सागर शहर के पुरव्याऊ के रानीपुरा तालाब से एक बड़ा हादसा टल गया। माता विसर्जन के बाद पूजा कर रही एक महिला अचानक तालाब में गिर गई और गहरे पानी में डूबने लगी। घाट पर मौजूद लोगों की सूझबूझ और तत्परता से महिला की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, गोपालगंज क्षेत्र की रहने वाली रश्मि रविवार शाम रानीपुरा तालाब में माता विसर्जन करने पहुंची थीं। विसर्जन के बाद वह घाट पर बैठकर पूजा कर रही थीं। इसी दौरान जब वह तालाब के पानी से हाथ और मुंह धो रही थीं, तभी अचानक उन्हें चक्कर आ गया और उनका संतुलन बिगड़ गया।
देखते ही देखते महिला तालाब के गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। घाट पर मौजूद लोगों ने जब महिला को पानी में संघर्ष करते देखा, तो तुरंत बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि वह माता विसर्जन के बाद हाथ-मुंह धो रही थीं, तभी अचानक चक्कर आने से पानी में गिर गईं।
स्थानीय लोगों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। अगर कुछ मिनट की भी देरी होती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया। वहीं इस घटना के बाद तालाब घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सागर में लोगों की सतर्कता और इंसानियत ने एक महिला की जिंदगी बचा ली। यह घटना बताती है कि मुश्किल वक्त में आम नागरिकों की जागरूकता कितनी बड़ी भूमिका निभा सकती है।