8 महीने...14 हजार KM और साइकिल से 12 ज्योतिर्लिंग! हरदा के धीरज कहार ने रचा इतिहास
आज के दौर में जहां ज्यादातर युवा मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया में खोए रहते हैं, वहीं मध्यप्रदेश के हरदा जिले के एक युवा ने अपनी श्रद्धा, साहस और जुनून से सबको हैरान कर दिया है। हरदा जिले के ग्राम खेड़ीपुरा निवासी धीरज कहार ने साइकिल से देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंग और 4 धाम की कठिन यात्रा पूरी कर एक अनोखी मिसाल पेश की है। करीब 8 महीने तक चले इस सफर के बाद जब धीरज खिरकिया लौटे, तो स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। धीरज कहार ने बताया कि उन्होंने इस यात्रा के दौरान करीब 13 से 14 हजार किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया। इस दौरान उन्होंने भारत के 17 राज्यों की यात्रा की और नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में भी दर्शन किए।
धीरज के मुताबिक यह यात्रा आसान नहीं थी। कई जगह मौसम की मार, लंबी दूरी और कठिन रास्तों ने उनका इम्तिहान लिया, लेकिन भगवान शिव में आस्था और मजबूत इरादों ने उन्हें कभी हारने नहीं दिया। उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम की यात्रा सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रही। ऊंचाई, कम ऑक्सीजन और कठिन चढ़ाई के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। धीरज कहते हैं कि “महादेव का नाम ही मेरी ताकत बना रहा।”
खिरकिया पहुंचने पर युवाओं, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने धीरज की इस यात्रा को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। धीरज कहार ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि इंसान के भीतर सकारात्मक सोच, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ अलग करने का जुनून होना चाहिए और अपनी संस्कृति व आध्यात्म से जुड़ाव हमें मजबूत बनाता है। आज धीरज कहार की यह यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि युवाओं के लिए मेहनत, संकल्प और आत्मविश्वास की बड़ी मिसाल बन गई है।