दर्द से कराह रही थी पत्नी,एम्बुलेंस नहीं आई तो पति ठेले पर लिटाकर पहुंचा अस्पताल, शर्मसार करती तस्वीरें
कहते हैं की साहब ये गरीबी ये लाचारी बहुत बुरी चीज है। इसमें गरीब आदमी पिसता है तो पिसता ही चला जाता है। और ये नासूर बन जाता है। ज़रा सोचिये की उस इंसान की क्या मजबूरी रही होगी की उसे अपनी पत्नी को ठेले पर लेकर अस्पताल पहुंचना पड़ा। स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला ये मामला एमपी के रीवा जिले का है। जिसने फिर एक बार सोचने पर मजबूर कर दिया है। एम्बुलेंस न मिलने पर बेबस पति के पास कोई और रास्ता नहीं था।
लिहाजा उसने अपनी गर्भवती पत्नी को रिक्शा ठेले पर लिटाया और गुढ़ क्षेत्र स्थित अस्पताल के लिए निकल पड़ा। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। जिसके बाद अब CMHO ने जांच के आदेश दिए हैं। एक तरफ तो स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ी बड़ी बातें कही जाती हैं बड़े-बड़े दावे भी किये जाते हैं लेकिन हकीकत कुछ और ही नज़र आती है। इस मामले ने न सिर्फ शमर्सार किया बल्कि दावों की पोल खोलकर भी रख दी।
बताया गया की गुढ़ निवासी माझरिया कोल की गर्भवती पत्नी को बीती देर रात अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। पत्नी दर्द से कराह रही थी। पति ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन लगाया। उम्मीद थी कि मदद मिलेगी। लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद उससे पत्नी का दर्द देखा नहीं गया तो उसे ठेले पर लिटाया और खुद उसे चलाते हुए देर रात गुढ़ के सामुदायिक अस्पताल पहुंच गया। जहां उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जिसका वीडियो वहां मौजूद शख्स ने बना लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद CMHO ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।------