सागर ने रचा इतिहास ! 15 दिन में पूरी हुई मकान गणना, मध्यप्रदेश में नंबर-1 बना जिला
सागर जिले ने जनगणना अभियान में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसने पूरे मध्यप्रदेश में नई मिसाल कायम कर दी है। मकान गणना यानी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक कार्य को रिकॉर्ड समय में पूरा करते हुए सागर प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। खास बात यह है कि यह पूरा अभियान सिर्फ 15 दिनों में शत-प्रतिशत पूरा किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में जिलेभर में मकान गणना का महाअभियान तेज गति से चलाया गया। जिले के 4362 से अधिक एचएलबी यानी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में यह कार्य समयसीमा के भीतर पूरा किया गया। प्रशासन की लगातार मॉनिटरिंग और प्रगणकों की मेहनत से सागर ने प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जानकारी के अनुसार, जिले की 24 लाख से अधिक आबादी और लगभग 7 लाख मकानों की गणना सफलतापूर्वक पूरी की गई। 1 मई से शुरू हुआ यह अभियान 15 मई तक पूरा कर लिया गया। नगर निगम क्षेत्र को छोड़कर जिले में 6 लाख 98 हजार 781 मकानों की गणना प्रस्तावित थी, लेकिन प्रगणकों ने लक्ष्य से अधिक 7 लाख 720 मकानों का सर्वे किया। इस दौरान 24 लाख 27 हजार 473 लोगों का डेटा भी दर्ज किया गया। प्रशासन का कहना है कि यह उपलब्धि जिलेवासियों के सहयोग, अधिकारियों की निगरानी और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अविनाश रावत, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री सहित सभी चार्ज अधिकारियों और प्रगणकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जनगणना का यह पहला चरण था और अब दूसरे चरण को भी इसी गति और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाएगा। वहीं एनआईसी अधिकारी डेलन प्रजापति ने बताया कि मध्यप्रदेश में सबसे अधिक एचएलबी होने के बावजूद सागर ने समय से पहले कार्य पूरा कर रिकॉर्ड बनाया है। साफ है कि प्रशासनिक समन्वय, तकनीकी मॉनिटरिंग और जमीनी मेहनत के दम पर सागर ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है।