तुलाई और अवैध वसूली के आरोप के बाद किसानों का चक्काजाम, डेढ़ घंटे ठप्प रहा यातायात
तुलाई और अवैध वसूली के अलावा अपनी कई मांगों को लेकर फिर एक बार किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बायपास रोड पर चक्काजाम कर दिया। जिस वजह से यातायात प्रभावित हुआ सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लम्बी लाइन लग गयी थी। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारीयों की समझाइश के बाद लोग माने और जाम ख़त्म किया।
किसानों की नाराज़गी की तस्वीरें एमपी के देवास जिले की हैं। जहां मक्सी बायपास रोड पर जोरदार प्रदर्शन किया गया था। करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। दरअसल प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप था कि मंडी में तुलाई का काम समय पर नहीं किया जा रहा है। साथ ही हम्मालों और ठेकेदारों द्वारा किसानों से मनमाने तरीके से पैसे मांगे जा रहे हैं।
किसानों का कहना था की सरकार की ओर से व्यवस्थाएं होने के बावजूद तुलाई के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। किसानों के मुताबिक हम्माल रोजाना एक से दो हजार रुपए तक की मांग करते हैं और ठेकेदार भी भुगतान का दबाव बनाते हैं। अपनी मांगों को लेकर नाराज किसानों ने मक्सी रोड बायपास पर चक्काजाम किया। जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। वहीं एसडीएम अभिषेक शर्मा ने कहा कि किसानों की तुलाई और अन्य समस्याओं को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। किसानों को समझाकर जाम खुलवाया गया। साथ ही शिकायतों का जल्द निराकरण किया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम ख़त्म किया। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।------