इंदौर से सागर आ रही बस में लगी आग,यात्रियों ने कूदकर बचाई जा-न, बस का स्टाफ मौके से भागा !
इंदौर से सागर आ रही एक चार्टर्ड बस में अचानक से धुआं निकलने लगा। इसके बाद उसमें आग भड़क उठी। जिससे यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। लेकिन उनका सामान पूरी तरह से जलकर ख़ाक हो गया। वहीं इस घटना में हैरान कर देने वाली एक और भी बात सामने आई है जिसमें ड्राइवर और स्टाफ घटना के बाद मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना विदिशा जिले के ग्यारसपुर से सामने आई है। जहां एक बड़ा हादसा टल गया। बस सागर के ओम साईं राम ट्रेवल्स की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसके अलावा ग्यारसपुर में फायर ब्रिगेड की सुविधा न होने से जब तक विदिशा से दकमल टीम पहुंची तब तक बस पूरी जल चुकी थी।
बताया जा रहा है की ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के पीपलखेड़ी वेयरहाउस के पास बस में भीषण आग लग गयी। बस में करीब 18 यात्री सवार थे। जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 11:30 बजे इंदौर से सागर के लिए बस रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान करीब 2:30 बजे ड्राइवर ने बस का एसी बंद कर दिया था। जब यात्रियों ने कारण पुछा तो तकनीकी खराबी बताई गई। लेकिन कुछ देर बाद एसी दोबारा चालू कर दिया गया। सुबह करीब 5:30 बजे जब बस ग्यारसपुर के पीपलखेड़ी इलाके में पहुंची। तभी बस के अंदर से धुआं निकलने लगा जिसके बाद कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्री जान बचाने तुरंत बाहर निकल आए। हालांकि उनका सारा सामान जल गया। इस दौरान बस भी धू-धू कर जल गयी। सूचना मिलने के बाद मौके पर ग्यारसपुर थाना पुलिस पहुंची थी। वहीं ऐसी भी जानकारी है की हादसे के बाद बस चालक और स्टाफ मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।--