सागर- पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों ने बढ़ाई टेंशन! महंगाई की नई मार से आम जनता परेशान
एमपी के सागर जिले के बीना में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई नई बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के बाद पेट्रोल के दाम में 3 रुपए 14 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए 11 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद बीना में पेट्रोल की कीमत करीब 109 रुपए 31 पैसे प्रति लीटर और डीजल 94 रुपए 52 पैसे प्रति लीटर पहुंच गया है। ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। रसोई गैस, दूध, खाद्य तेल, सब्जियों और रोजमर्रा के सामानों की बढ़ती कीमतों ने लोगों का बजट पहले ही बिगाड़ रखा है। अब पेट्रोल-डीजल महंगा होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
पेट्रोल पंप पर पहुंचे वाहन चालकों को जैसे ही नई कीमतों की जानकारी मिली, उनके चेहरे पर चिंता साफ नजर आई। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि डीजल की कीमत बढ़ने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। माल भाड़ा बढ़ने से सब्जियों, फलों, अनाज और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी तेजी आ सकती है। यानी आने वाले दिनों में महंगाई का असर और ज्यादा देखने को मिल सकता है।
वहीं ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि डीजल महंगा होने के बाद बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों का संचालन खर्च बढ़ जाएगा। ऐसे में किराया बढ़ाना मजबूरी बन सकता है। इसका सीधा असर स्कूल वैन, ऑटो, टैक्सी और कैब सेवाओं पर भी पड़ सकता है। आम जनता का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग की कमर तोड़ दी है। लोगों को उम्मीद है कि सरकार जल्द राहत देने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगी, ताकि बढ़ती महंगाई से कुछ राहत मिल सके।