सागर- गर्ल्स वेटर पर कमेंट का विरोध करने पर कैटरिंग कर्मचारियों से मा र पी ट, डायल-112 पर गंभीर आरोप!
सागर में डायल-112 के पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। कैटरिंग कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि शादी समारोह से लौटते समय डायल-112 के स्टाफ ने गर्ल्स वेटर पर अभद्र टिप्पणियां कीं और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े तीन बजे भोपाल रोड स्थित होटल ग्रैंड पैलेस में शादी समारोह खत्म होने के बाद कैटरिंग कर्मचारी अपने वाहन से घर लौट रहे थे। वाहन में कुछ गर्ल्स वेटर भी मौजूद थीं। आरोप है कि रास्ते में डायल-112 के स्टाफ ने लड़कियों पर कमेंट करना शुरू कर दिया।
जब कैटरिंग कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और वहां से आगे बढ़ गए, तो चकराघाट कॉरिडोर के पास उनका वाहन रुकवा लिया गया। पीड़ितों का आरोप है कि वहां डायल-112 के ड्राइवर और एक आरक्षक ने वाहन चालक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी युवक से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को कैटरिंग मालिक शैलेंद्र सोनी अपने कर्मचारियों के साथ मोतीनगर थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि डायल-112 का स्टाफ नशे की हालत में था और उनकी वर्दी पर नेम प्लेट और बैज भी नहीं लगे थे।
पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने सिर्फ लड़कियों पर हो रही अभद्र टिप्पणी का विरोध किया था, लेकिन इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दबंगई दिखाते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना सामने आने के बाद मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सुरक्षा देने वाली पुलिस पर ही इस तरह के आरोप क्यों लग रहे हैं। वहीं मोतीनगर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।