देर रात अग्नि कांड, दो मकान जलकर राख, परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम मादपुर में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने दो परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते दो कच्चे मकान जलकर राख हो गए। गृहस्थी का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया और अब पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार ग्राम मादपुर निवासी काजुल राजा ठाकुर पति संतोष सिंह ठाकुर के घर में मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई। परिवार के लोग उस समय घर में सो रहे थे। तभी पुराने छप्पर वाले कमरे से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दो मकान और उसमें रखा पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आगजनी में करीब 9 क्विंटल गेहूं, सोफा, पलंग, कपड़े, बर्तन और खाने-पीने का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार ने लगभग 90 हजार रुपए से अधिक के नुकसान की बात कही है। घटना को लेकर नया मोड़ तब आया जब पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर आग लगाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात के खिलाफ आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आग हादसा थी या फिर किसी साजिश के तहत लगाई गई। घटना के बाद गांव में भारी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।