मां-बेटे के का तिल को 8 महीने बाद दबोचा, डबल मर्डर केस का खुलासा और फिर !
सागर संभाग के पन्ना जिले के बहुचर्चित डबल मर्डर केस में आखिरकार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाले इस मामले में पुलिस ने 8 महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर पहले महिला के साथ गंदा काम किया और फिर मां-बेटे की बेरहमी से हत्या कर फरार हो गया था।
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था। मामला अजयगढ़ क्षेत्र का है, जहां 16-17 सितंबर की दरमियानी रात सोनू कुशवाहा और उनके 5 वर्षीय बेटे देवेंद्र की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंद्रभान साकेत चोरी की नीयत से घर में घुसा था।
लेकिन जब सोनू कुशवाहा की नींद खुल गई, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसके साथ गंदा काम किया। इसी दौरान 5 साल का मासूम देवेंद्र अपनी मां को बचाने पहुंचा, तो दरिंदे ने उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि इस अंधे कत्ल को सुलझाना पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था।
जांच टीम ने इलाके के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इतना ही नहीं, शक के आधार पर परिजनों समेत करीब 40 लोगों का डीएनए टेस्ट भी कराया गया। लगातार तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे मैहर के पास ग्राम खोखला से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी रेप के मामले में नामजद रह चुका है। वह अजयगढ़ के माधौगंज चौराहे पर चाइनीज फूड का ठेला लगाता था और पहले उसी मोहल्ले में किराए से रहने के कारण घर की पूरी जानकारी रखता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस खुलासे के बाद पुलिस की जांच और तकनीकी टीम की सराहना की जा रही है।