भाजपा नेता की मौत का सनसनीखेज खुलासा, हादसा नहीं, रची गई थी हत्या की साजिश !
भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की मौत मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस घटना को पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, अब पुलिस जांच में वह सुनियोजित हत्या निकली। नवागत एसपी आनंद कलादारी ने कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
दरअसल मंगलवार को सागर संभाग के दमोह जिले देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत दमोह-सागर रोड पर भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर का शव संदिग्ध हालत में मिला था। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल से मिले सबूतों और पुलिस की गहन पड़ताल ने कहानी बदल दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी घटनास्थल पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू की।
नवागत एसपी आनंद कलादारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि देवेंद्र ठाकुर की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया और बाद में उसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक चुनावी विवाद और आपसी तनाव के चलते आरोपियों ने इस साजिश को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी स्कॉर्पियो वाहन को बायपास पर छोड़कर फरार हो गए थे।
फिलहाल पुलिस ने वैभव राजपूत और विशाल राजपूत नाम के दो आरोपियों को नोहटा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी आपस में भाई बताए जा रहे हैं। वहीं तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पूरे मामले के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक गलियारों में भी इस हत्याकांड को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।