सागर- खुरई में स्टेट बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
सागर जिले के खुरई में मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। खुरई न्यायालय परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर पूरे दिन मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मतदान प्रभारी एवं शासकीय अधिवक्ता एजीपी बलबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार स्टेट बार काउंसिल चुनाव में कुल 122 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से अधिवक्ताओं को 25 प्रत्याशियों का चयन करना था।
सुबह से ही न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में काफी उत्साह था और सभी ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बलबीर सिंह ने बताया कि खुरई में कुल 157 पंजीकृत अधिवक्ता मतदाता थे, जिनमें से शाम 5 बजे तक 123 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।
चुनाव के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। वहीं प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ताओं से लगातार संपर्क बनाए हुए थे। अधिवक्ताओं का कहना है कि स्टेट बार काउंसिल चुनाव उनके अधिकारों और पेशे से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के लिए बेहद अहम होता है। यही वजह रही कि अधिवक्ताओं ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, जबकि अधिवक्ता समुदाय को उम्मीद है कि नई टीम अधिवक्ताओं की समस्याओं और न्यायिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी काम करेगी। खुरई में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए इस चुनाव ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी को एक बार फिर साबित कर दिया।