सागर- कार से 15 पेटी अवैध शराब जब्त, खुरई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS
सागर जिले के खुरई शहरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 15 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे नेटवर्क का कथित सरगना फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर खुरई की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई और अब्दुल हमीद वार्ड के खाईपुरा क्षेत्र में घेराबंदी की गई।
पुलिस ने संदिग्ध कार क्रमांक एमपी 04 सीक्यू 9381 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार की डिग्गी से 10 पेटी सागर गोल्ड लाल मसाला शराब, जिसमें कुल 500 पाव थे, बरामद किए गए। वहीं कार की बीच वाली सीट से 5 पेटी देशी प्लेन शराब, जिसमें 250 पाव थे, जब्त किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 15 पेटी यानी करीब 135 लीटर अवैध शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 67 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सुरेंद्र अहिरवार और धर्मेंद्र अहिरवार निवासी अब्दुल हमीद वार्ड बताए हैं। पुलिस ने शराब के साथ करीब 4 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त कर ली है। कुल मिलाकर 4 लाख 67 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया गया है। शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शाहिद पठान नाम का व्यक्ति इन आरोपियों से अवैध शराब मंगवाता था। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन वह फिलहाल फरार है। पुलिस का मानना है कि अवैध शराब कारोबार का मुख्य सरगना वही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।