सागर- बीना में बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, अधिवक्ताओं में दिखा भारी उत्साह
सागर जिले के बीना में मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मतदान के दौरान सिविल न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली और पूरे दिन चुनावी हलचल बनी रही। बीना अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रविन्द्र जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस चुनाव में कुल 258 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 218 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से बीना में चुनावी माहौल बना हुआ था। विभिन्न प्रत्याशी और उनके समर्थक लगातार जनसंपर्क कर अधिवक्ताओं से समर्थन मांग रहे थे। सिविल न्यायालय परिसर में चुनावी चर्चाएं और प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल पूरे दिन देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा चुनाव पीठासीन अधिकारी संजय जैन के निर्देशन में संपन्न कराई गई। मतदान के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया ताकि प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। न्यायालय परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। अधिवक्ताओं का कहना है कि बार काउंसिल चुनाव केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि अधिवक्ताओं के अधिकारों, समस्याओं और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव होता है। यही वजह रही कि अधिवक्ताओं ने बड़ी संख्या में मतदान कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। दिनभर चले मतदान के बाद अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं। प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, जबकि अधिवक्ता समुदाय को उम्मीद है कि नई टीम अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बेहतर कार्य करेगी।