सागर-फल मंडी में खाद्य विभाग का छापा, सड़े-गले फल जब्त, बिना लाइसेंस चल रही दुकानें पकड़ाई
सागर शहर की फल एवं सब्जी मंडी में बुधवार को खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापेमार कार्रवाई करते हुए कई दुकानों से खराब और सड़े-गले फल जब्त किए। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से भागते भी नजर आए। जानकारी के अनुसार लंबे समय से मंडी में खराब और संदिग्ध गुणवत्ता वाले फलों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मंडी में दबिश दी।
जांच के दौरान कई दुकानों पर खराब, सड़े हुए और संदिग्ध फल पाए गए। वहीं कुछ व्यापारियों के पास खाद्य कारोबार संचालन के लिए जरूरी वैध लाइसेंस भी नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान पप्पू अख्तर नामक व्यापारी की दुकान पर बड़ी मात्रा में सड़े-गले फल मिले। जांच में यह भी सामने आया कि दुकान बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। विभाग ने मौके से फलों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
इसके अलावा अन्य फ्रूट कंपनियों और व्यापारियों की दुकानों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों से लाइसेंस, खरीद-बिक्री और स्टॉक से जुड़े दस्तावेज मांगे। जिन दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मंडी में निम्न गुणवत्ता और संभवतः केमिकल युक्त फलों की बिक्री हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष कार्रवाई की गई।
उन्होंने साफ कहा कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करना नियमों का उल्लंघन है और दोषी व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद फल मंडी के व्यापारियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।