शौच के लिए गई युवती की हत्या ! युवक ने युवती को मारी गोली... फिर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। लक्ष्मीपुर गांव में एक सिरफिरे युवक ने 25 वर्षीय युवती आरती यादव पर गोली चलाने के बाद चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर की गई युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार आरती यादव बुधवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विनोद यादव ने उस पर अचानक कट्टे से गोली चला दी। गोली युवती के सिर के पीछे लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने युवती पर चाकू एवं बंदूक के बट से हमला किया।
चीख-पुकार सुनकर युवती का भाई आकाश यादव मौके पर पहुंचा और बहन को बचाने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने उस पर भी बंदूक तान दी, लेकिन कारतूस फंस जाने से गोली नहीं चल सकी। खून से लथपथ युवती को देखकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। भाग रहे आरोपी विनोद यादव और उसके पिता को गांव वालों ने पकड़ लिया और बिजली के खंभे से बांधकर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। घायल आरती को पहले जिला अस्पताल पन्ना ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली टीआई रोहित मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं परिजन आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे हैं।